चतरा: चतरा के सिमरिया से भाजपा विधायक किशुन दास प्रदेश की हेमंत सरकार पर लगातार हमलावर हैं. भाजपा विधायक ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कोविड-19 के नाम पर प्रदेश में सरकार ने विकास कार्यों को पूरी तरह बाधित कर रखा है. जबकि दूसरे राज्यों में विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं.
उन्होंने राज्य का विकास करने के बजाय बीमारी के नाम पर अपनी जिम्मेदारियों से भागने का हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाया. कहा है कि आज राज्य सरकार की नकारात्मक नीतियों के कारण आम से लेकर खास वर्ग तक के लोग परेशान हैं. बुजुर्गों को न तो वृद्धा पेंशन की राशि मिल रही है और ना ही अन्य योजनाओं का लाभ. जबकि केंद्र सरकार के द्वारा राशि का आवंटन भी राज्य सरकार को कर दिया गया है.
चतरा में कल शाम आयोजित भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिमरिया विधायक ने कहा है कि राज्य सरकार आज हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है.
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति के अध्ययनरत प्रतिभावान छात्रों के शिक्षा व सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार ने 59 हजार 48 करोड़ रूपया देश के विभिन्न राज्यों को भेजा है. इसमें से 59 सौ करोड़ रूपया झारखंड सरकार को भी मिले हैं. बावजूद राज्य सरकार अनुसूचित जाति के बच्चों के विकास और शिक्षा के प्रति गंभीर नहीं है.
केंद्र सरकार द्वारा ससमय विभिन्न योजनाओं की राशि उपलब्ध कराए जाने के बाद भी राज्य सरकार ने छह-छह माह का राशि पेंडिंग कर रखा है. जिससे वृद्धों के साथ-साथ छात्रों को भी परेशानी हो रही है. भाजपा विधायक ने कहा है कि हेमंत सरकार की इन्हीं नीतियों के कारण आज प्रदेश की जनता पूरी तरह से त्रस्त है.

