रांचीः स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि कोविड-19 से बचाव एवं रोकथाम हेतु राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन कृत संकल्पित है. कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकें और लोगों को कोरोना वायरस से बचाया जा सकें.
मंत्री ने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा लगातार चिकित्सीय सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. मरीजों के लिए भोजन, साफ सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को और सुदृढ़ एवं बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है.
कोविड-19 से उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर हर तरह की कमियों को दूर करने हेतु राज्य सरकार उचित कदम उठा रही है, ताकि राज्य की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकें. स्वास्थ्य मंत्री रविवार को गिरिडीह परिसदन भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे.
राज्य के 7 जगहों पर RTPCR लैब स्थापित
बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने कोविड-19 को गंभीरता पूर्वक लेते हुए राज्य के सात जगहों पर RTPCR लैब स्थापित किया गया है. साथ ही सैकड़ों की संख्या में ट्रू नैट मशीन लगाई गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों की टेस्टिंग हो सके.
उन्होंने कहा कि इस समय राज्य का रिकवरी रेट 86.43% है तथा गिरिडीह जिले का रिकवरी रेट 94% है जो कि सराहनीय है. मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राइवेट अस्पतालों के द्वारा मनमानी को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है.
यदि कोई भी अस्पताल मरीजों का सही इलाज नहीं करता है तो ऐसे अस्पतालों को चिन्हित करते हुए उनका लाइसेंस रद्द कर उचित कारवाई करना सुनिश्चित करें.
इसके अलावा उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिले रात में मेडिकल दुकान खोलने को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि योजनाबद्ध तरीके से दुकान खोलने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश जारी करें. इसके अलावा उन्होंने आयुष्मान भारत के विषय में कहा कि आयुष्मान भारत से संबंधित मामलों को गंभीरता पूर्वक लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
प्रेस को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि एमसीआई के रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 85,000 चिकित्सकों/स्वास्थ्य कर्मियों की जरूरत है, जिसकी नियुक्ति के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य कर्मियों तथा चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी.
कोविड-19 से उत्पन्न परिस्थिति के मद्देनजर चिकित्सा कर्मियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा जिस प्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है वो सही मायने में काबिले तारीफ है.
उन्होंने चिकित्सा कर्मियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन एवं कोविड-19 के प्रोटोकॉल अनुपालन सुनिश्चित करते हुए तथा मास्क एवं सामाजिक दूरी का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे.

