रांची: राजधानी रांची की महापौर आशा लकड़ा ने कहा कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को लेकर राज्य सरकार गंभीर नहीं है. राज्य सरकार की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. लगातार रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कोरोना वायरस मरीज पाए जा रहे हैं. मंगलवार को रांची में कोरोना से संक्रमित 40 मरीज पाए गए.
उन्होंने कहा कि संक्रमित मरीजों में चिकित्सक, पुलिसकर्मी और स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं. जिला प्रशासन के अधिकारी भी शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं करा पा रहे हैं. वर्तमान में सभी प्रकार के दुकान खोल दिए गए हैं. यही कारण है कि रांची में लगातार कोरोना मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है.
आशा लकड़ा ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए राज्य सरकार जल्द से जल्द शहरी क्षेत्र में लॉकडाउन की घोषणा करें, ताकि आने वाले समय मे कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से शहरवासियों को सुरक्षित रखा जा सके. कहीं ऐसा न हो जाए कि एक बार फिर पूरा शहर कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ जाए.
महापौर ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा है कि वर्तमान हालात को देखते हुए जल्द से जल्द 500 बेड के कोविड-19 अस्थाई हॉस्पिटल को तैयार किया जाए और तत्काल प्रभाव से रांची नगर निगम क्षेत्र में लॉकडाउन की घोषणा की जाए.

