रांची : भाजपा महानगर महिला मोर्चा की मंत्री कुमुद झा ने हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकार पंडित जुगल किशोर शुक्ल जी को श्रद्धांजलि दी. पंडित शुक्ल जी ने औपनिवेशिक काल में अंग्रेजों की दमनात्मक नीतियों व आर्थिक चुनौतियों का दृढ़तापूर्वक सामना करते हुए 30 मई 1826 को पहला हिंदी भाषी साप्ताहिक समाचार पत्र ’उदन्त मार्तंड’ प्रकाशित किया, जो अनगिनत युवाओं हेतु पत्रकारिता कर्म से जुड़ने की प्रेरणा सिद्ध हुआ. इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारिता जगत से जुड़े सभी बंधुओं को बधाई दी. उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में पत्रकारों का योगदान महत्वपूर्ण है. सरकारों को जवाबदेह तथा जनता व विपक्ष को जागृत रखने में पत्रकारों ने सराहनीय भूमिका अदा की है.
उन्होंने कहा कि कोरोना के इस संकट काल में सभी पत्रकारों ने अपना काम ईमानदारी से किया. हर खबर को हम तक पहुँचा कर इन्होंने भी कोरोना योद्धा की भूमिका निभाई, कई जगहों पर बीमार भी हुए. पर इनमें से अधिकांश मीडिया बंधुओं को भी आर्थिक दिक्कतें है. यहाँ भी दीर्घ, माध्यम, और लघु स्तर के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थान है. इसलिए मैं सरकार से आज इस विशेष दिवस पर मैं ये अपील करना चाहती हूँ कि इनके लिए भी कुछ आर्थिक मदद करें, ताकि ये सब भी इस संकट से बाहर आ सके.

