रांची: विधानसभा चुनाव के तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्यभर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गया. इसके अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है. रांची जिले में कुल 21 चेकप्वाइंट बनाए गए हैं. जहां स्टेटिक सर्विलांस टीम पूरी तरह से मुस्तैद रहेगी. टीम के द्वारा वाहनों की गहन चेकिंग की जायगी साथ ही साथ चालक से पूछताछ भी की जायेगी. गाड़ियों के अंदर और डिक्की की भी जांच होगी ताकि किसी तरह से चूक नही हो. आदर्श आचार संहिता के सख्ती से अनुपालन के लिए हर प्रखंड में दो-दो एसएसटी की भी तैनाती की गयी है.
डीसी ने रांची का सभी प्रकाशक/मुद्रक/प्रिंटिंग प्रेस को दिये कड़े निर्देश
रांची डीसी राय महिमापत रे के द्वारा जिले के सभी प्रकाशक/मुद्रक/प्रिंटिंग प्रेस को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 127 ए के अनुपालन के संबंध में निर्देश जारी किये है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से सभी को चुनाव संबंधित पंपलेट, पोस्टर, हैंड बिल अथवा प्लेकार्ड के मुद्रण एवं प्रकाशन में मुद्रक, प्रकाशक के नाम एवं पता अंकित करना सुनिश्चित करने को कहा गया है. ऐसा नहीं करने पर जुर्माने के साथ सजा भी हो सकती है .

