मेदिनीनगर:- उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर आज दिनांक 20 फरवरी 2021 दिन शनिवार को जिले के सभी थाना में थाना दिवस आयोजित किया गया. आयोजित किए गए थाना दिवस में प्रत्येक थाना में थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी के साथ-साथ सभी राजस्व कर्मचारी, अंचल निरीक्षक उपस्थित थे. इसके अलावा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी थानों में इसकी मॉनिटरिंग भी की गई.
छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी एनपी गुप्ता ने आज थाना दिवस के अवसर पर अनुमंडल क्षेत्र में मौजूद विभिन्न थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कई मामलों का निपटारा भी किया साथ ही साथ वहां पर मौजूद अन्य पदाधिकारियों, कर्मचारियों को थाने में आ रही है जनता की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया. वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री अजय सिंह बड़ाईक ने सदर अनुमंडल क्षेत्र तथा हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी श्री कमलेश्वर नारायण ने अपने क्षेत्र में मौजूद विभिन्न थानों में आयोजित किए गए थाना दिवस की मॉनिटरिंग की. थाना दिवस के अवसर पर सभी थानों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे.
बताते चलें कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि रंजन के निर्देश पर जिले में प्रत्येक शनिवार को सभी थाना परिसर में थाना दिवस के आयोजन करने का निर्देश दिया गया है. आम लोगों को अपनी छोटे-मोटे आपसी झगड़े, पारिवारिक बँटवारा, जमीन का झगड़ा, नाली एवं रास्ते का विवाद तथा अतिक्रमण का विवाद के लिए विभिन्न कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता था तथा उसमें उनका समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी होता था. ऐसे में उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए प्रत्येक शनिवार को थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश जारी किया है.

