रांचीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पलामू प्रमंडल में जल्द स्टील प्लांट तैयार होने वाला है. यहां के बॉक्साइट का एक बड़ा हिस्सा यही के विकास में लगे इसका प्रावधान बीजेपी की सरकार ने किया. डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड के तहत 5 हजार करोड़ रुपए आदिवासियों के कार्य हेतु मिला है.
वन अधिकार पट्टा के लिए एक लाख से अधिक क्लेम किए गए थे, जिनमें से 60 हजार मामलों का निपटारा हो चुका है. केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से लाभ होता है.
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बंगाल की सरकार पर साधा निशाना-
पीएम ने कहा कि आज छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बंगाल में एक पार्टी की सरकार नहीं होने की वजह से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है.
उन्हें लगता है कि अगर इस योजना का लाभ किसानों को दिया तो मोदी का नाम होगा. मैं कहता हूं मत लो मोदी का नाम. कम से कम किसानों को उनका हक तो दो.
दूसरी ओर आप देखें झारखंड में जहां आपको पीएम किसान योजना का लाभ मिल रहा है. वहीं मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के जरिए भी आपको मदद पहुंचाई जा रही है. इस योजना से 5 एकड़ तक के भूमि वाले किसानों को 25 हजार रुपए प्राप्त हो रहा है.
आयुष्मान भारत योजना के तहत यहां की बड़ी आबादी को जोड़ा गया. करीब पौने दो लाख लोगों को इसका लाभ मिला है. उज्वला योजना से झारखंड के 33 लाख परिवार लाभान्वित हुए. डबल इंजन सरकार का ही प्रतिफल है कि आप को चूल्हा व दूसरा रिफिल भी मुफ्त प्रदान किया गया.
किसी को बेघर नहीं रहने देंगे-
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2022 में जब हम आजादी का 75 वां वर्षगांठ मनाएंगे उस समय तक सभी जरूरतमंदों को पक्का मकान देने का लक्ष्य निर्धारित है. उत्तर कोयल परियोजना 42 साल से अटकी हुई थी. इसके लिए गंभीर कोशिश नहीं हुई, जबकि इसे पूरा किया जा सकता था.
कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को इस बात की चिंता कतई नहीं थी कि किसान की गरिमा क्या होती है. भाजपा की सरकार बनी तो इसका समाधान हुआ. काम की शुरुआत हुई. भाजपा की सरकार के पुनः वापसी के साथ मंडल डैम निर्माण कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा. कांग्रेस की तरह समस्याओं को डालते रहना व वोट बटोरना भाजपा का कभी मकसद नहीं रहता है.
65 प्लस सीट प्रधानमंत्री को सुपुर्द करें-
इस मौके पर रघुवर दास ने कहा कि 5 वर्ष तक हमने स्थिर और बेदाग सरकार दी है. मिलावटी सरकार ने भ्रष्टाचार किया. हमने ईमानदार सरकार देकर अपनी कार्य संस्कृति प्रस्तुत की है. आज विपक्ष भी देख ले हवा का रुख किधर है. आप सभी झारखंड वासियों से अनुरोध है कि आप 65 प्लस सीट प्रधानमंत्री को सुपुर्द कर विकास की राह पर निकल चुके झारखण्ड को और गति प्रदान करें.

