रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने केंद्र सरकार से मांग की है कि कोरोना वायरस को लेकर देशभर में अचानक लॉकडाउन करने के फैसले के कारण विभिन्न हिस्सों में पढ़ने और परीक्षा की तैयारी करने के गये बच्चों को वापस लाने के लिए ठोस पहल की जाएं.
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे मंत्री और अन्य भाजपा नेताओं को भी इस संबंध में आवाज उठानी चाहिए, क्योंकि वे भी खुद एक पिता है और बच्चों की परेशानी को आसानी से समझ सकते है.
उन्होंने कहा कि यह वक्त राजनीति का नहीं है और न ही कांग्रेस पार्टी लोगों की मुश्किलों को हल करने के मसले को लेकर कोई श्रेय लेना चाहती है, इसलिए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार से उम्मीद है कि वे कांग्रेस नेतृत्व के सुझाव को आलोचना के रूप में न लेते हुए समस्या के समाधान को लेकर आवश्यक सार्थक पहल करेंगे.
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जिस तरह से मध्य प्रदेश में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार गठन को लेकर दस दिनों तक लॉकडाउन टाला गया, उसी तरह से यदि दूसरे राज्यों में पढ़ने वाले बच्चों को वापस अपने घर लौटने का दो-तीन का वक्त भी मिल जाता, तो आज स्थिति इतनी चिंताजनक नहीं होती.
उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को मुश्किलों में फंसे देखकर उनके अभिभावक धैयै खो रहे है, इसलिए केंद्र सरकार को इस संबंध में तुरंत निर्णय लेना चाहिए.

