पटना: वरिष्ठ भाजपा नेता पथ निर्माण एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दावा किया है कि एनडीए सरकार तो अपना कार्यकाल पूरा करेगी, लेकिन राजद नेता तेजस्वी यादव शायद ही अपना कार्यकाल प्रतिपक्ष के नेता के रूप में पूरा कर पाएं. कहा कि उनके दल में बगावत की तैयारी शुरू हो गई है, इसलिए नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री बनने की नहीं, बल्कि अपनी कुर्सी बचाने की परवाह करें.
मंगल पांडेय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष दिनभर मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने में व्यस्त रहते हैं, लेकिन उनका सपना कभी साकार नहीं होने वाला है. मध्यावधि चुनाव की बात को हास्यास्पद बताते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को मालूम होना चाहिए कि सूबे में राजग की मजबूत सरकार है और विकास कार्यों को हर दरवाजे तक पहुंचा रही है, इसलिए नेता प्रतिपक्ष अपने नेताओं और राज्य की जनता को बरगलाने के बजाय अपना कुनबा संभालें.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि तेजस्वी के बयान से साफ है कि एक बार फिर उनकी मंशा बिहार को चुनाव की ओर धकेलने की है. नेता प्रतिपक्ष का हाल भी उनके गुरु कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की तरह है, जो मुसीबतों में गायब रहते हैं.

