मुंबई: शिवसेना सांसद संजय राउत ने रविवार (30 अगस्त) को कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस का नेतृत्व संभालने से रोकना देश की इस पुरानी पार्टी के ”अस्तित्व को ही नष्ट” करने वाला सिद्ध होगा.
संजय राउत ने शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित अपने साप्ताहित स्तंभ ‘रोकटोक’ में लिखा है कि कांग्रेस में एक ऐसे नेता की कमी है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ खड़ा रहे.
उन्होंने 23 कांग्रेसी नेताओं द्वारा सोनिया गांधी को ”पूर्णकालिक” सक्रिय नेतृत्व को लेकर लिखे गए पत्र का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि इन नेताओं को सक्रिय होने से कौन रोक रहा है.
राउत ने कहा, ”राहुल गांधी को रोकने की सक्रियता पार्टी के अस्तित्व को ही नष्ट करने वाली सिद्ध होगी.” राउत ने कहा कि एक गैर गांधी का कांग्रेस अध्यक्ष होना अच्छा विचार है लेकिन इन 23 में से किसी में भी वह क्षमता नहीं है. राउत की पार्टी शिवसेना महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा के साथ मिलकर सत्ता में है.

