रांची: राजधानी रांची और इसके आसपास पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. नववर्ष के मौके पर मंदिरों, चर्च, गुरुद्वारों में भी पूजा-अर्चना और प्रार्थना करने वालों की भीड़ जुटने लगी है.
राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में नव वर्ष को लेकर लोगों में उत्साह है. नव वर्ष समारोह को लेकर राज्य के विभिन्न होटलों में कार्यक्रम आयोजित किये गये. वहीं नये वर्ष पर तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर वाहनों को पुलिस जब्त करेगी.
रांची के उपायुक्त राय महिमपत रे और वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता ने कहा है कि रांची जिले के किसी भी नदी, जलाशय व डैम में बिना लाइफ जैकेट पहनकर वोटिंग या तैराकी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
डैम व पर्यटन स्थलों पर तैनात मजिस्ट्रेट, पुलिस अफसर व जवानों की इस पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी गई है. हुंडरू, जोन्हा, दशम और सीता फॉल सहित रांची जिले के सभी जलाशयों में स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है.
सदर एसडीओ और बुंडू एसडीओ को आदेश दिया गया है कि पर्यटन स्थलों के खतरनाक स्थान को चिन्हित कर वहां बोर्ड लगाया जाए. जिले के दस स्थानों पर सिटी कंट्रोल रूम में अग्निशमन वाहन रखे जाएंगे.
रजरप्पा और पतरातू में वनभोज करने वाले लोगां की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है.

