रांची: लॉ की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में सभी 11 दोषियों को सजा सुनाए जाने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रा को समय पर न्याय मिला है.
इस फैसले से न्यायालय एवं पुलिस का इकबाल बुलंद हुआ है. 90 दिनों के अंदर पुलिस द्वारा सारे साक्ष्य जुटाकर न्यायालय को उपलब्ध कराना बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण है. इस फैसले में भूमिका निभाने वाले न्यायालय एवं पुलिस से जुड़े समस्त अधिकारी एवं कर्मी बधाई के पात्र हैं और इन्हें सरकार के साथ-साथ समाज द्वारा भी सम्मानित किया जाना चाहिए.
इस फैसले ने आधी आबादी को सुरक्षा का बोध कराया है. असामाजिक तत्वों को भी इस फैसले से बहुत बड़ी सीख मिली है और इससे अब इस तरह की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद की जा सकती है.
ठाकुर ने कहा कि यह फैसला देश और राज्य के लिए महत्वपूर्ण है. रांची में जिस तरह से लॉ की छात्रा को न्याय मिला है, उसी तरह से दिल्ली की निर्भया को भी अंतिम न्याय मिल चुका है. अब दोषियों को फांसी मिलना तय है.

