उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराए जाने को लेकर छात्रों का धरना प्रदर्शन एक आम बात हो गयी है. मंगलवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर छात्रों ने जमकर धरना प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने खदेड़ने के लिए लाठियां बरसानी पड़ी. जिससे गुस्साए छात्रों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की और जमकर बवाल मचाया. पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने कई छात्रों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है.
सोमवार को छात्र संगठनों ने परिसर में गधे के साथ जुलूस निकाला था. इस दौरान यूनिवर्सिटी के सुरक्षाकर्मियों के साथ उनकी झड़प भी हुई थी. मंगलवार को फिर छात्रसंघ भवन पर एकत्र हुए छात्र प्रतिनिधियों ने नारेबाजी और सभा शुरू कर दी. सोमवार की घटना को देखते हुए परिसर में पहले से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था. मंगलवार को वीसी कार्यालय के सामने धरना देने पहुंचे तो पुलिस ने आदेश पाते ही छात्रों पर लाठीचार्ज कर दी। जिससे कई छात्र घायल हो गए. छात्रों ने प्रॉक्टर पर पिटाई करवाने का आरोप लगाया है. छात्र संगठनों का कहना है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से छात्रसंघ बहाली की मांग कर रहे थे. वही छात्रों के रोष को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

