मुकेश कुमार शर्मा,
गोड्डा: कहते हैं युवा देश की शान है, युवा चाहे तो कुछ भी संभव है. ऐसा ही कुछ कारनामा शहर के नहर चौक स्थित पतंजलि कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहे छात्रों ने कर दिखाया है जो समाज में सहयोग की भावना को प्रदर्शित करती है.
हम बात कर रहे हैं यहां पढ़ाई कर रहे युवाओं की जिन्होंने आज आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कुल 9 यूनिट ब्लड डोनेट कर समाज में सहयोग का संदेश युवाओं द्वारा दिया गया. मालूम हो कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पतंजलि कोचिंग सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था.
एचडीएफसी बैंक व पतंजलि कोचिंग सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में सदर अस्पताल के ब्लड बैंक यूनिट के सदस्यों ने शिविर में आए रक्तदाता युवाओं का सर्वप्रथम परीक्षण किया. परीक्षण में सफल पाए गए 9 युवाओं का ब्लड संग्रहित किया गया. सदर अस्पताल ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन मिलन नाग व राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि वैसे युवाओं का रक्त लिया गया है जो पूर्ण रूप से स्वस्थ थे. बताया कि इसके लिए वेट, बीपी, डिजीज सहित अन्य महत्वपूर्ण जांच किए गए, उसके बाद आगे की प्रक्रिया की गई.
बताया कि सदर अस्पताल की यूनिट लगातार ऐसे कैंप कर रक्त संग्रह करने में जुटी है जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त मुहैया कराया जा सके. रक्त देने से किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं है बल्कि रक्त के दान करने से शरीर में वसा व अन्य ग्रंथियां सक्रिय रहती है. किसी भी प्रकार की कोई हानी नहीं है. प्रत्येक 4 महीने पर व्यक्ति रक्तदान कर सकता है.
पूछे जाने पर उन्होंने कहा आगे भी इस प्रकार के शिविर लगाए जाएंगे. इस दौरान पतंजलि कोचिंग सेंटर के निदेशक डॉ हरीश भगत एचडीएफसी बैंक के डिप्टी मैनेजर प्रभाकर श्रीवास्तव, बैंक कर्मी अवनी कांत झा, स्वास्थ्य कर्मी डॉक्टर दानिश मंजर सहित रक्तदाता गौरव कुमार भगत, आनंद कुमार भगत, राजेश कुमार मंडल, उत्तम कुमार, प्रकाश कुमार भगत, अक्षय कुमार, मोहम्मद तौसीफ, आलम मोहम्मद, मुदब्बीर आलम व चंदन कुमार के नाम शामिल है.

