कोडरमा:- जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन का कार्य जारी है. टीकाकरण के दूसरे चरण में फ्रंटलाइन पदाधिकारियों व कर्मियों को कोरोना वैक्सीन दिया जा रहा है. आज इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, डीपीएम महेश प्रसाद एवं कई कर्मियों ने कोरोना टीका लगवाया. अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्रक्रियाओं का अनुपालन करते हुए रजिस्ट्रेशन काउंटर पर रजिस्ट्रेशन कराया. इसके बाद उन्हें कोविड-19 की वैक्सीन दी गई. वैक्सिन लेने के पश्चात वे 30 मिनट के लिए अब्जर्वेशन रूम में रुके, जहां उन्होंने टीका ले चुके कर्मियों से बातचीत भी की एवं उनसे उनका हालचाल जाना. मौके पर सभी कर्मियों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत महसूस नहीं हो रही.
ऑब्ज़र्वेशन रूम से निकलने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि वैक्सीन लेने के बाद मुझे किसी प्रकार की समस्या महसूस नहीं हो रही है. यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है. टीकाकरण संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान ना दे एवं हम सभी का दायित्व है की बिना किसी संकोच और झिझक के अपनी बारी आने पर कोरोना का टीका जरूर लगवाएं. इसके अतिरिक्त उन्होंने मौके पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इतने बड़े वैक्सिनेशन अभियान को सुचारू रूप एवं बेहतर तरीके से संचालन के लिए सभी का धन्यवाद. मौके पर डीपीएम महेश प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, कर्मी समेत अन्य उपस्थित थे.
जिले में आज दोपहर 12ः00 तक कुल 1907 लोगों को कोविड का टीका दिया जा चुका है. जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोडरमा में आज 44 अभी तक कुल 636, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर में 70 अबतक कुल 300, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो में 32 अबतक कुल 336, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां में 20 अबतक कुल 240, सदर अस्पताल में अबतक कुल 277, होली फैमिली में अबतक कुल 118 स्वास्थ्य कर्मी को टीका लगाया गया है.

