कर्मवीर,
रांची: भाजपा को सत्ता में दोबारा आने से रोकने के लिए विपक्ष ने देर सबेर शुक्रवार को इसकी शुरुआत की. विपक्ष के बिखरे कुनबे को समेटने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने रांची झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की. यह मुलाकात लगभग आधे घंटे तक चली. मुलाकात के बाद दोनों नेताओं का साझा बयान आया, जिसमें कहा गया कि विपक्ष एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करेगी.
लाइन ऑफ एक्शन बनाएगा विपक्ष
दोनों नेताओं के बैठक में तय किया गया कि जल्द ही झामुमो, झाविमो, कांग्रेस, राजद और वाम दल एक साथ मिलकर एक ठोस रणनीति बनाएंगे ताकि भाजपा को सत्ता से दूर रखा जा सके. उन्होंने कहा कि भाजपा को सरकार बनाने से रोकने के लिए विपक्ष अंतिम तक प्रयास करेगा.
कांग्रेस के भीतर खाने से परेशान दिखे सुबोधकांत
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय अपनी ही पार्टी के नेतृत्व से परेशान चल रहे हैं. इनका कहना है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की तैयारियां सही दिशा में नहीं चल रही हैं. चुनाव सिर पर है और अबतक बूथ लेवल की तैयारियां नहीं हुई हैं. पार्टी की ऐसी स्थिति के लिए सुबोधकांत सहाय सीधे तौर पर प्रभारी आरपीएन सिंह को जिम्मेदार मानते हैं.
25 को पदयात्रा निकलेगा झाविमो
पिछले दिनों रांची में आयोजित जनादेश समागम में जनता का समर्थन पाकर झारखंड विकास मोर्चा गदगद नजर आ रहा है. पार्टी ने तय किया है जनता के उत्साह को बरकरार रखा जाए. इस सोच के तहत झाविमो आगामी 25 अक्टूबर को पदयात्रा निकालेगा.

