रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि कुछ तत्वों द्वारा समाज में डर और भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इसमें लोगों को सफलता नहीं मिलेगी. मुख्यमंत्री गुरुवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के बुरुगुलीकेरा गांव के पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी ओर से स्पष्ट हिदायत दी गयी और यह संदेश भी है कि उनकी सरकार में कोई भी आपराधिक घटना को संरक्षण नहीं मिलेगा. उन्होंने बुरुगुलीकेरा गांव की घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरीके की घटना या कोई भी आपराधिक घटनाओं को संरक्षण नहीं मिलेगा, इस घटना में जिनकी भी संलिप्तता है, उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई होगी. हेमंत सोरेन ने इस तरह की घटना पुनरावृति पर अंकुश लगाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री के साथ दौरे के क्रम में विधायक जोबा मांझी और मिथिलेश कुमार ठाकुर समेत अन्य वरीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे. मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकाल कर उन्हें सांत्वना दिलाने के साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया.

