गुना: कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने कहा है कि गुना शहर का शहरीकरण तीव्र गति से हो रहा है. ऐसे में यह आवश्यक है कि शहर की आगामी 10 वर्षो की प्लानिंग की जाए. जिससे कि आगामी वर्षो में नागरिकों की आवश्यकताएं जन-सुविधाएं जुटाने में सहूलियतें हो.
इस हेतु इसका आंकलन कर एक विस्तृत दस्तावेज तैयार करने की आवश्यकता प्रतीत हो रही है. जिसे विजन डॉक्यूमेंट का नाम दिया गया है.
उन्होंने गुना विजन डॉक्यूमेंट बनाने और उसके प्रस्तुतीकरण हेतु पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है. इस आशय की जानकारी में परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभीकरण एवं डिप्टी कलेक्टर सोनम जैन ने बताया कि विजन डॉक्यूमेंट गुना अंतर्गत गुना शहर के विकास हेतु आवश्यकताओं, व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं संबंधित शहर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव 15 अगस्त 2020 के पूर्व चाहे गए हैं.
संबंधितजन अपने सुझाव कार्यालयीन समय में जिला कार्यालय स्थित शहरी विकास अभीकरण कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते है.

