रांची: हरतालिका व्रत पर आज महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए सोलह श्रृंगार कर विधी-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की. कई सुहागिन महिलाएं शाम में भगवान शिव और माता गौरी की पूजा कर अपने पति के दीर्घायू होने की कामना करेगी. इस मौके पर आज सायं के पश्चात चार प्रहर की पूजा करते हुए रात भर, भजन-कीर्तन, जागरण का कार्यक्रम भी किया जा रहा है.
हरतालिका तीज व्रत भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को रखा जाता है. यह व्रत सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए रखती हैं, इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है. शुक्रवार की सुबह 4 बजकर 14 मिनट से तृतीया तिथि शुरू हो गई है, तृतीया तिथि शुक्रवार की रात 01 बजकर 58 मिनट तक रहेगी. इस दिन पार्वती जी ने निर्जला व्रत रखकर शिव जी को प्राप्त किया था. इसलिए इस दिन शिव पार्वती की पूजा का विशेष विधान है, जो कुंवारी कन्याएं अच्छा पति चाहती हैं या जल्दी शादी की कामना करती हैं उन्हें भी आज के दिन व्रत रखना चाहिए. आज व्रत रखने पर कुंवारी कन्याओं को मनचाहा पति प्राप्त होता है.
महिलाएं आज सुबह से रात 1 बजकर 59 मिनट तक यानी पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर और अगले दिन शनिवार की सुबह स्नान करने के बाद पारण करेंगी. गुजिया व अनरसे की मांग तीज को लेकर आज सुस्त पड़ा बाजार ग्राहकों से गुलजार हो गया है. सुबह से ही राजधानी में कई स्थानों पर गुजिया, अनरसा की दुकानों पर ग्राहकों की खासी भीड़ देखी गयी. गुलजार हुआ फल बाजार राजधानी के फल बाजार आज ग्राहको से गुलजार हो गये. बाजार में सेव, केला, शरीफा, अनार, अमरुद की मांग सबसे अधिक देखी गई है. अचानक मौसम के करवट लेने के बाद फूहारों की वजह से बाजर में ग्राहको की संख्या कम हो गयी.

