दुबई: गेंदबाजों की नाकामी के कारण अब तक लचर प्रदर्शन करने वाले किंग्स इलेवन पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुरुवार को जब आमने सामने होंगे तो उनका दारोमदार टीम के बल्लेबाजों पर टिका रहेगा. किंग्स इलेवन ने अब तक पांच में से चार मैच गंवाये हैं और वह तालिका में सबसे निचले पायदान पर है. सनराइजर्स ने तीन मैच गंवाये हैं और दो में उसे जीत मिली है और वह छठे स्थान पर है.
किंग्स इलेवन का मजबूत पक्ष उसकी सलामी जोड़ी है. कप्तान केएल राहुल शानदार फार्म में हैं तथा उन्होंने दो अर्धशतक और एक शतक लगाया है जबकि मयंक अग्रवाल एक शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं. इन दोनों ने अब तक बल्लेबाजी में मुख्य जिम्मेदारी निभायी है. निकोलस पूरण भी अच्छी भूमिका निभा रहे हैं लेकिन ग्लेन मैक्सवेल अब तक नहीं चल पाये हैं.
लेकिन अच्छी बल्लेबाजी के बावजूद किंग्स इलेवन को अपनी निराशाजनक गेंदबाजी के कारण हार का सामना करना पड़ा. मोहम्मद शमी को छोड़कर उसका कोई भी अन्य गेंदबाज निरंतर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसके गेंदबाज 223 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर पाये. चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पिछले मैच में उसने 178 रन का लक्ष्य देने के बावजूद दस विकेट से हार झेलनी पड़ी.

