जितनारायण शर्मा,
गोड्डा: प्लस टू हाई स्कूल गोड्डा में सुपर 200 की शुरुआत की गई. इस कार्यक्रम की शुरुआत फीता काटकर, स्वागत गान, के साथ दीप प्रज्वलित कर की गई. संबोधन के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा ने जिले के सभी 200 बच्चों को सुपर 200 में चयनित होने के लिए धन्यवाद दिया एवं उन्हें पूरी लगन और मेहनत के बल पर सफलता हासिल करने के संदेश दिए .
उन्हें ऑनलाइन तरीके से गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए दक्ष शिक्षकों की सेवा यहां दी जाएगी. लक्ष्य प्राप्ति के लिए बच्चों को कड़ी मेहनत करनी है. गत वर्ष जिला प्रशासन ने सुपर- 100 क्लास की शुरूआत की थी, इसबार इसका दायरा बढ़ा कर सुपर 200 कर दिया गया है. पिछले साल सुपर 100 के कारण माध्यमिक परीक्षा का परिणाम पूरे संताल में गोड्डा जिला अव्वल रहा था. सुपर-100 के सभी छात्र एवं छात्राओं ने प्रथम श्रेणी से सफलता दर्ज की थी. इस वर्ष जिला प्रशासन एवं अडाणी फाउंडेशन के सहयोग से पठन पाठन की सारी सुविधाएं यहां उपलब्ध कराकर 200 छात्र-छात्राओं के स्मार्ट क्लास शुरू की गई है.
वहीं डीडीसी ने सभी बच्चों को सुपर 200 में दाखिला लेने के लिए बधाई दी. कहा कि उपायुक्त किरण पासी के निर्देशानुसार सुपर 200 के चयनित छात्र एवं छात्राओं को आगामी माध्यमिक वार्षिक परीक्षा 2020 में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट परीक्षाफल प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है. ज्ञात हो कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से जिले में कक्षा संचालित किए जा रहे हैं. ताकि गोड्डा जिले में बच्चों का परिणाम राज्य स्तर पर दसवें पायदान से भी ऊपर उठ सकें. यहां बच्चों को सारी सुविधाएं मुफ्त में मुहैया कराई जा रही है. मौके पर प्लस टू हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक परितोष पाठक ने भी अच्छे परिणाम के लिए बच्चों को प्रेरित किया. फाउंडेशन के सीएसआर अधिकारी सुबोध सिंह ने कहा की ईमानदारी के साथ पढ़ाई करने वालों के सफलता कदम चूमेगी. आगामी 2020 में गोड्डा जिला पूरे राज्य में अव्वल आ सकता है. मौके पर सुपर 200 स्मार्ट क्लास के तकनीकी संचालक इकोवेशन की टीम सहित अन्य उपस्थित थे.

