मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की सीबीआई जांच की मांग तेज हो गई है. ऐसे में शिवसेना सांसद संजय राउत के सुर भी बदलते नजर आ रहे हैं. सुशांत सिंह राजपूत के परिवार पर आरोप लगाने वाले संजय राउत अब उनके साथ खड़े होेने की बात कर रहे हैं. शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले पर बयान दिया है.
संजय राउत ने कहा कि मुंबई पुलिस पर विश्वास रखो, अगर आपको लगता है कि ठीक नहीं हो रहा है तो आप CBI, CIA में जाओ. सुशांत सिंह राजपूत भी हमारा लड़का था, एक अभिनेता था, बॉलीवुड का एक घटक था और बॉलीवुड तो मुंबई का परिवार है. हमें उससे क्या दुश्मनी है?
इतना ही नहीं संजय रावत ने यह भी कहा कि हम भी चाहते हैं उसके परिवार को पूरी तरह न्याय मिले. लेकिन वहां बैठकर आप हमारे ऊपर हमले करेंगे, सरकार को काम ही नहीं करने देंगे. इसलिए ये सब बखेड़ा खड़ा हुआ है. हमारी पूरी संवेदना सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के साथ है.
जानकारी के लिए आपको बता दें कि शिवसेना सांसद संजय राउत ने इससे पहले सुशांत सिंह राजपूत के मामले पर सख्त रूख अपनाया था. उन्होंने कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने दूसरी शादी की थी. संजय रावत के इस बयान की खूब आलोचना हुई थी. सुशांत के चचेरे भाई ने संजय राउत से माफी की भी मांग की थी.

