मुंबई: सुशांत राजपूत केस में रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानेशिंदे ने नया दावा किया है. उनका कहना है कि सुशांत के परिवार को उनकी हालत की पूरी जानकारी थी और सुशांत की बहनें हीं उन्हें फर्जी प्रिसक्रिप्शन पर दवाएं दे रही थीं.
उन्होंने बहनों पर दवाओं की ओवरडोज का आरोप लगाया. आगे यह भी कहा मुंबई के डॉक्टर की जगह बहनों की बताई दवाएं लेने पर ही रिया का उनसे झगड़ा हुआ था, जिसके बाद 8 जून को वह घर छोड़कर चली गई थीं.
सतीश मानेशिंदे ने यह भी कहा कि सुशांत के परिवार ने सुप्रीम कोर्ट, सीबीआई, मुंबई पुलिस और ईडी सबके सामने झूठ बोला है कि सुशांत को जो भी डिप्रेशन था, मेंटल प्रॉब्लम था उसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी.
उन्होंने यह भी कहा कि परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि सुशांत के जो पैसे थे उन्हें रिया ने लूटा है, लेकिन ईडी और मुंबई पुलिस ने जो जांच की है उसमें अभी तक कोई सबूत नहीं मिला है.
वकील ने कहा है कि 26 नवंबर 2019 को सुशांत की बहनें मुंबई आई थीं, वहां वह वॉटर स्टोन गईं जहां सुशांत रह रहे थे. वहां सुशांत की बहनों ने रिया चक्रवर्ती को घर जाने के लिए कहा था जिसके बाद रिया वॉटरस्टोन छोड़कर घर चली गई थीं.
वकील ने आगे कहा कि उस वक्त वहां जो मेडिकेशन हो रहा था उसकी जानकारी सुशांत की बहनों को थी. उन्होंने बताया कि सुशांत और उनकी बहन की चैट भी सामने आई है जिसमें सुशांत की मेडिकेशन, दवाओं का जिक्र है.

