मुख्य पथों पर लगाए होर्डिंग की जांच कर एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई करने का निर्देश
रांची:- मंगलवार को मेयर आशा लकड़ा ने बाजार शाखा की समीक्षा बैठक की. बैठक में मेयर ने कहा कि पार्किंग स्थलों पर अवैध वसूली करने का मामला सामने आ रहा है. उन्होंने उप नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर व बाजार शाखा के अन्य कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पार्किंग स्थलों की जांच करें. ताकि पार्किंग स्थलों पर अवैध वसूली करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
मेयर ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए अवैध होर्डिंग पर बाजार शाखा के अधिकारियों को फटकार लगाई और अवैध रूप से होर्डिंग लगाने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने मेन रोड व शहर के मुख्य पथों पर लगाए गए होर्डिंग की जांच कर एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बाजार शाखा की समीक्षा बैठक में मेयर ने अधिकारियों से यह भी कहा कि रांची नगर निगम के कई दुकानों पर बिना ऑक्शन किए अवैध रूप से कब्जा किया गया है. उन्होंने बाजार शाखा के अधिकारियों से कहा कि निगम के दुकानों पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करें और संबंधित दुकानों को अतिक्रमण मुक्त करें.
महापौर ने कहा की शहर के सभी पार्किंग स्थलों पर अवैध वसूली, दुकान पर अनाधिकृत रूप से कब्जा, अवैध होर्डिंग व अवैध बोरिंग से संबंधित शिकायतें लगातार मिल रही है. अवैध बोरिंग को रोकने के लिए सिटी मैनेजर व इन्फोर्समेंट टीम संयुक्त रूप से दिन एवं रात में अलग-अलग टीम छापेमारी कर कार्रवाई करें.
आशा लकड़ा ने यह भी कहा कि शहर के विभिन्न संस्थानों, दुकानों, बैंक व होटल के किनारे पार्किंग करने वाले रांची नगर निगम में आवेदन देकर प्रतिमाह एकमुश्त का भुगतान करें. इस व्यवस्था से पार्किंग स्थलों पर हो रही अवैध वसूली पर लगाम लगेगा. इस व्यवस्था से रांची नगर के राजस्व में भी सुधार होगा. पूर्व में निगम परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है.
बैठक में उपनगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, कार्यालय प्रभारी संदीप करण, बाजार शाखा प्रभारी सह नगर प्रबंधक मृत्युजय कुमार उपस्थित थे.

