तमिलनाडु: पंजाब और महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु में भी लॉकडाउन बढ़ाकर 31 मई तक के लिए कर दिया गया है. मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने राज्य में लॉकडाउन के चौथे चरण की घोषणा की. देशव्यापी लॉकडाउन के तीसरे चरण की अवधि रविवार को समाप्त हो रही है, वहीं सोमवार से लॉकडाउन 4.0 शुरू हो रहा है.
तमिलनाडु में लॉकडाउन 4 के दौरान चेन्नई समेत राज्य के 12 जिलों में कोई छूट नहीं दी जाएगी. हालांकि, कोयंबटूर, सलेम, त्रिची समेच राज्य के 25 जिलों में लॉकडाउन प्रतिबंधों में छूट रहेगी. राज्य सरकार के नए आदेश के बाद स्कूल, कॉलेज, धार्मिक स्थल, सिनेमा, थिएटर और बार बंद रहेंगे.
तमिलनाडु से पहले रविवार को ही महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में लॉकडाउन का ऐलान किया. वहीं शनिवार को पंजाब सरकार ने सबसे पहले लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाने की बात कही थी. तमिलनाडु में संक्रमण के 10,585 मामले हैं. कोरोना से तमिलनाडु में 74 मरीजों की मौत हुई है.

