नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई. बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का विस्तार को मंजूरी दी है.
अगले पांच महीने जुलाई से नवंबर तक ये योजना जारी रहेगी. पहले तीन महीने 1 करोड़ 20लाख टन अनाज बांटा गया था. आने वाले 5 महीनों में 2 करोड़ 3लाख टन अनाज बांटने का लक्ष्य है.
प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि उज्जवला योजना के तहत मिलने वाले तीन सिलेंडरों की अवधि जून से हटाकर अब सितंबर तक बढ़ा दी है. इसमें 13500 करोड़ रु. का खर्च आएगा.
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना/आत्मानिर्भर भारत के तहत जून से अगस्त 2020 तक 3 महीने के लिए EPF योगदान 24% (12% कर्मचारी और 12% मालिक) के विस्तार को मंजूरी दी है. लगभग 4 हजार 860 करोड़ के निवेश के साथ 72 लाख कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा.

