रांचीः बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार को दो चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. उनकी दोनों सभाएं मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के बुढैई और पथरोल में प्रस्तावित है. वे महागठबंधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी हफीजुल हसन के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे.
इधर, झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने महागठबंधन के प्रत्याशी हफीजुल हसन को जीत दिलाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है.
इस अभियान में झारखंड प्रदेश राजद के अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री राधाकृष्ण किशोर, युवा राजद के अध्यक्ष रंजन कुमार शामिल हैं.
राजद के नेताओं वे कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से कियाजोरि, टेहनिया, कटहारा, भालेडी, चांदडीह रोसन सहित कई गांवों में चुनाव प्रचार किया.
मधुपुर उपचुनाव में कैशलेस मेडिकल सुविधा और एयर एंबुलेंस की मांग–
मधुपुर विधानसभा उप चुनाव अवधि के दौरान प्रतिनियुक्त होने वाले केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों, झारखंड पुलिस बल के पदाधिकारियों-जवानों को कैशलेस मेडिकल ट्रीटमेंट, सुरक्षा बलों की बीमा व इमर्जेंसी रिस्पांस के तहत एयर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की गई है.
पुलिस मुख्यालय ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से पत्राचार कर यह मांग की है. इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश का भी हवाला दिया गया है.

