नई दिल्ली: तेजस्वी यादव ने मजूदरों को लाने के लिए 50 ट्रेनों का किराया देने का ऐलान किया है. तेजस्वी यादव ने कहा, ’15 साल वाली डबल इंजन सरकार अप्रवासी बिहारी मजदूरों को वापस नहीं लाने के बहाने खोज टाल-मटोल कर रही है. 5 दिनों में 3 ट्रेनों से लगभग 3500 लोग ही वापस आ पा रहे हैं. कभी किराया, कभी संसाधनों तो कभी नियमों का रोना रोते हैं. नीतीश सरकार की मंशा कतई मजदूरों को वापस लाने की नहीं है.’
उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रीय जनता दल शुरुआती तौर पर बिहार सरकार को अपनी तरफ से 50 ट्रेन देने को तैयार है. हम मजदूरों की तरफ से इन 50 रेलगाड़ियों का किराया असमर्थ बिहार सरकार को देंगे. सरकार आगामी 5 दिनों में ट्रेनों का बंदोबस्त करे, पार्टी इसका किराया तुरंत सरकार के खाते में ट्रांसफर करेगी.’
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘आदरणीय नीतीश कुमार जी, गरीब मजदूरों की तरफ से 50 ट्रेनों का किराया राजद वहन करने के लिए एकदम तैयार है क्योंकि डबल इंजन सरकार सक्षम नहीं है. कृपया अब अविलंब प्रबन्ध करवाइए. सुशील मोदी जी- कुल जोड़ बता दीजिए, तुरंत चेक भिजवा दिया जाएगा. वैसे भी आपको खाता-बही देखने का शौक है.’

