नई दिल्ली : देश के उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक आनंद शर्मा ने कहा कि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक है.
शर्मा ने बताया कि दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से पांच-छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है. तापमान का यह रुझान आगे भी बने रहने की संभावना है. उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से एक और दो मार्च को क्षेत्र में तापमान में मामूली कमी आने की संभावना है. दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ में कमी के कारण अचानक तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है. इसके वापस आने के बाद गर्मी के प्रकोप से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी.
दिल्ली में 33 डिग्री तक पहुंचा तापमान
देश की राजधानी दिल्ली में ठंड लगभग जा चुकी है. यहां गर्मी आ चुकी है. मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया था जब दिल्ली में पारा 33.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. मौसम विज्ञान विभाग (imd) का अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान बताता है कि 25 फरवरी से 27 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा. इसके बाद भी गर्मी मौसम में खास बदलाव नहीं होगा. तापमान में महज एक-दो डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है.
टूट जाएगा 15 साल पुराना रिकॉर्ड ?
पिछले हफ्ते मौसम विभाग ने कहा था कि गुरुवार तक पारा 31 डिग्री तक पहुंच सकता है. 27 फरवरी के बाद से इसमें गिरावट होगी और यह 29 डिग्री तक जा सकता है. फरवरी के महीने में सबसे अधिक तापमान का रिकॉर्ड 2006 में बना था. तब 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

