रांची: उत्तर भारत में बीते 3 दिनों से लगातार मौसम में बदलाव आ रहा है. पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मैदान इलाकों में ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया है. वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी कर दी है.
उत्तर भारत का मौसम
मौसम विभाग ने कहा कि पहाड़ों में बर्फबारी के चलते उत्तर भारत में 5 डिग्री तक तापमान गिर गया है. अगले चार दिनों के दौरान उत्तर भारत शीतलहर की चेतावनी जारी कर दी है. पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है, जिसकी वजह से कई इलाकों में जन जीवन प्रभावित हो चला है. रास्तों पर बर्फ की चादर है.
वहीं दूसरी तरफ उत्तर भारत के मैदान इलाकों की बात करें तो अगले दो से तीन दिनों में उत्तर भारत में रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट और दर्ज की जा सकती है. उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, बिहार में शीतलहर का दौर जारी है. कई जगहों पर धुंध छाई हुई है. अगले दो-तीन दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में भी ठंड बढ़ गई है. छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड के कई इलाकों में ठंड का प्रकोप देखा जा सकता है. वहीं 16 से 18 दिसंबर के बीच तमिलनाडू, केरल जैसे राज्यों में बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली एनसीआर में ठंड का प्रकोप बढ़ चला है. दिल्ली के लोगों को इस हफ्ते छूप देखने को मिल सकती है. दिन में खिली धूप, साफ आसमान और शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है. पश्चिमी शुष्क और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. आने वाले दो दिनों में शीतलहर की स्थितियाँ शुरू हो सकती हैं. सफदरजंग में आज मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

