रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. रांची समेत विभिन्न जिलों में बूंदाबांदी के बाद कनकनी बढ़ गयी है. पश्चिमी विक्षोभा और बिहार के आसपास साईकलोनिक सरकुलेशन कायम रहने का असर राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में देखा जा रहा है.
आसमान में बादल छाने और बूंदाबांदी से अधिकतम तापमान में सात और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है.
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि कल भी आसमान में आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है और इस दौरान बूंदाबांदी संभव है.
इधर, खूंटी और बुंडू इलाके में बेमौसम बारिश होने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. सड़कों और गलियों में बारिश के जलजमाव ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ गयी है.
बारिश और बढ़ती ठंड के कारण लोग फिर स्वेटर-शॉल और छाता से गुजारा करने को विवश हैं. ठंड के कारण अधिकांश लोग अपने-अपने घरों में दुबके हैं. सड़कों में लोगों की आवाजाही कम हो गयी है. बेमौसम बारिश ने स्कूली बच्चों और वृद्धों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

