रांची: राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को दोपहर बाद जोरदार बारिश हुई. राजधानी रांची में दोपहर करीब 12 बजे आकाश में काले बादल छा गए और दिन में ही रात सा नजारा दिखने लगा. देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गयी. तेज बारिश से कई सड़कों पर पानी भर गया.
राजधानी रांची में दोपहर में मौसम का मिजाज बदल गया और मेघ गर्जना के साथ जमकर बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार रांची के अलावा कई अन्य जिलों में भी बारिश हुई. वहीं कुछ स्थानों पर वज्रपात से भी काफी नुकसान उठाना पड़ा है. मौसम विभाग के मद्देनजर इन जिलों के लोगों को सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है. विगत तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गयी है. पानी के साथ ओला गिरने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. गेंहू, चना और सब्जियां खेत में ही रह गये. ओला की चोट से गेंहू और सब्जी पूरी तरह बर्बाद हो गये हैं. किसानों का कहना है कि एक तो लॉकडाउन का मार उसके ऊपर मौसम का कहर. किसानों की मुश्किल कम नहीं हो रही है.
इधर,गुमला जिले के भरनो प्रखंड के बड़का तुरिअम्बा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से मंगलवार को दो लड़कियों की मौत हो गई. वहीं एक वृद्धा बुरी तरह से झुलस गयी. घटना के बाद ग्रमीणों ने तीनों को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भरनो पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों लड़कियों को मृत घोषित कर दिया. 65 वर्षीय बुजुर्ग सोमा उरांव का इलाज अस्पताल में चल रहा है. 16 वर्षीय पुत्री रूपू कुमारी लोहरमाइन उरांव और 13 वर्षीय प्रियंका कुजूर इमिल कुजुर की बेटी थी.
जानकारी के अनुसार रूपू और प्रियंका खेत में फ्रेंचबीन तोड़ रही थी. पास में सोमा उरांव जानवर चरा रही थी. अचानक मौसम ने करवट बदली और जोरदार बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए दोनों सहेलियां सोमा उरांव के पास उनके छाते के अंदर चली गयीं. इस दौरान ठनका गिरने से दोनों लड़कियों की मौत हो गयी. जबकि सोमा बुरी तरह झुलस गयी. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों लड़कियों को मृत घोषित कर दिया.

