हजारीबाग: 125 प्रवासियों की प्रारम्भिक स्वास्थ्य जांच कर क्वारंटाइन के लिए भेजा गया. अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासियों को मुख्यमंत्री दाल भात योजना से भोजन खिलाया जा रहा है.
सूरत, महाराष्ट्र, हैदराबाद शहरों से आए कुल 57 प्रवासियों को शनिवार को हज़ारीबाग़ लौटने के उपरांत संत कोलम्बस मैदान में बनाये गए कैंप में सभी प्रवासियों का स्वाब सैंपल, थर्मल जांच व स्टंप लगाते हुए प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों, गांवों में होम क्वारंटाइन के लिए भेज दिया गया.
सभी लोगों की व्यक्तिगत जानकारी लेने के बाद श्रमिकों के हाथों में ठप्पा लगाकर होम क्वारंटाइन भेज दिया गया. मौके पर उपायुक्त डॉ भुवनेश प्रताप सिंह ने कोलंबस मैदान में बने कैंप का दौरा किया और चलाये जा रहे कार्यों की जानकारी ली.
उन्होंने कहा की वैसे प्रवासी जो रेड जोन से आ रहे है उन्हें विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. सभी प्रवासी लोगों को होम क्वारंटाइन के नियमों का कड़ाई से पालन करने सहित सामाजिक दूरी एवं एतिहातन घर से ना निकलने की सलाह दी. बता दें कि विगत एक सप्ताह में 1278 प्रवासी, श्रमिक, विद्यार्थी विभिन्न राज्यों से आये हैं जिन्हें होम क्वारंटाइन के लिए भेज दिया गया है.

