झारखंड निर्माण का उद्देश्य करना है पूरा : मथुरा महतो
रांची : झारखंड विधान सभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो के दीनदयाल नगर स्थित सरकारी आवास पर आज पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की 66 वीं जयंती मनाई गई. सर्वप्रथम मथुरा प्रसाद महतो ने स्वर्गीय महतो के चित्र पर माल्यार्पण किया. इसके बाद उन्होंने जयंती समारोह में आए लोगों के बीच स्वर्गीय सुधीर महतो के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय महतो ने झारखंड आंदोलन में महती भूमिका निभाई थी.
झारखंड राज्य आंदोलन का ही परिणाम है. उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर हम सब यह संकल्प लें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को राज्य भर में सशक्त बनाएंगे और झारखंड राज्य निर्माण के उद्देश्य को पूरा करेंगे. जयंती समारोह में झारखंड मुक्ति मोर्चा धनबाद जिला उपाध्यक्ष कालीचरण महतो, सचिव पवन कुमार महतो, पूर्व वार्ड पार्षद मगन महतो ,दिलीप राय, अभिषेक पाल एवं प्रवीण चौधरी सहित कई लोगों ने बारी- बारी से स्वर्गीय सुधीर महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

