चतरा: कोरोना संक्रमण की विकराल समस्या के बीच दूसरे प्रदेशों में फंसे प्रवासी मजदूरों का चतरा आगमन निरंतर जारी है.
श्रमिक स्पेशल ट्रेन से राज्य सरकार लगातार मजदूरों को उनके गृह जिले तक पहुंचाने के अभियान में जुटी है. इस निमित्त पंजाब के विभिन्न जिलों में फंसे चतरा जिले के विभिन्न प्रखंडों के दर्जनों प्रवासी मजदूर देर रात चतरा पहुंचे.
श्रमिक स्पेशल ट्रेन से रामगढ़ के बरकाकाना स्टेशन पहुंचे इन मजदूरों को जिला प्रशासन की स्पेशल दो बसों से चतरा जिला मुख्यालय स्थित जिला स्तरीय क्वारंटीन सेंटर लाया गया. जहां आज इनका कोविड-19 जांच हेतू सैंपल लेने के बाद इन्हें सरकारी वाहन से ही उनके गृह प्रखंड मुख्यालय भेजा जाएगा. जहां उन्हें अगले 14 दिनों के लिये क्वारंटीन किया जाएगा.
जिला स्तरीय क्वारंटीन सेंटर में तैनात दंडाधिकारी ने बताया कि पंजाब से 105 मजदूर चतरा पहुंचे हैं. यहां रात्रि विश्राम और कागजी मेडिकल प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें संबंधित प्रखंडो में क्वारंटीन किया जाएगा.

