रांचीः सीएम रघुवर दास ने कहा है कि सोमवार को मैं पोड़ैयाहाट स्थित मर्सी अस्पताल गया था. मैंने स्पष्ट निदेश दिया है कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ सभी जरूरत मंदों को मिले. राज्य के सभी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है. झारखंड के 68 लाख परिवार में से 57 लाख परिवार को योजना से आच्छादित किया गया है. इसके लिए सरकार ने 400 करोड़ के अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया है. अब तक झारखंड में 3 लाख से ज्यादा लोगों ने आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज संभव हुआ है. सभी जरूरतमंदों को योजना का लाभ दिया जा रहा है. उनके बीच गोल्डन कार्ड का वितरण किया जा रहा है. मुख्यमंत्री सोमवार को पोड़ैयाहाट में आयोजित जन सभा में बोल रहे थे.
धारा 370 और 35 ए का विरोध करनेवाले राष्ट्रविरोधी कार्य कर रहें हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि धारा 370 और 35 ए का विरोध करने वाले राजनीतिक दल राष्ट्रविरोधी काम कर रहें हैं. क्या ये एक देश एक विधान पर विश्वास नहीं करते. ये पाकिस्तान को अपना सहयोग देकर उनकी ही भाषा बोल रहे हैं. चाहे कांग्रेस हो, जेएमएम हो, जेवीएम हो या आरजेडी जो भी देशहित के खिलाफ काम करेगा, ऐसी पार्टियों का फैसला देश की जनता करेगी. साथ ही मैं उन लोगों को कहना चाहूंगा कि राजनीति की चादर ओढ़कर विकास विरोधी का काम न करें. वर्तमान सरकार यह बर्दाश्त नहीं करेगी. राज्य के विकास में सहयोग करें, बाधक नहीं बने.

