दुमका:- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि झामुमो राज्य के आदिवासियों का सबसे बड़ा शोषक है. श्री मरांडी बुधवार को दुमका में भाजपा आदिवासी मोर्चा के बैनर तले आयोजित आदिवासी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह आरोप लगाया और कहा कि झामुमो के नेता आदिवासियों का वोट लेकर उनके अधिकारों को लूटते रहे और आदिवासियों को वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि झामुमो के लोग सत्ता में आने के बाद आदिवासियों के दुख-दर्द को भूलकर अपनी तिजोरी भरने लग जाते हैं.
बाबूलाल ने कहा कि झामुमो ने जल, जंगल, जमीन बचाने का नारा देकर अभी तक आदिवासियों को सिर्फ छलने का काम किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल में आदिवासियों पर सबसे अधिक अत्याचार हुए. उन्होंने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अलग झारखंड राज्य के अगुवा सिर्फ शिबू सोरेन ही नहीं हैं, बल्कि जयपाल सिंह मुंडा से लेकर कई संगठनों ने लिये लम्बे अर्से तक किया है. जबकि झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन हमेशा से आदिवासी समुदाय को दिग्भ्रमित करते रहे हैं.
जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर. सम्मेलन में भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि संगठन को पहले से और अधिक मजबूत बना कर संताल परगना के सभी तीन लोकसभा और सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत हासिल करने में कामयाब होगी. इसलिए पार्टी के निष्ठावान समर्पित कार्यकर्ता आम लोगों से सीधा संवाद रखें. उन्होंने केंद्र सरकार और पूर्व की रघुवर दास सरकार द्वारा ग्रामीण इलाकों में प्रत्येक परिवार को दी गयी सुविधाओं और भाजपा की उपलब्धियां पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को अवगत कराया. इस मौके पर दुमका के सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि सोरेन परिवार और झामुमो वंशवाद को बढ़ावा देकर यहां के जमीनी लोगों को हक और अधिकारों से वंचित कर रही है. इसलिए ऐसे दल को इस राज्य से जड़ से उखाड़ फेंकाने की जरूरत है .
इससे पहले भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुइस मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन ने चुनाव के समय झूठी घोषणाएं कर जनता को दिग्भ्रमित कर झूठे वायदे कर सत्ता तो हासिल कर लिया, लेकिन जब उसे जमीन पर उतारने की बारी आई तो अब जनता को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा एक साल पूर्व चुनाव के दौरान किते गये वायदे का स्मरण कराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले चुनाव में एक साल में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था. एक साल बीत गए लेकिन एक भी बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार नहीं दिला सके. भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष कालेश्वर मुर्मू द्वारा संचालित सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, जिलाध्यक्ष निवास मंडल,सुरेश मुर्मू, परितोष सोरेन, विमल मरांडी, कालेश्वर मुर्मू, कृष्णा सोरेन समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया.

