चेन्नई: देश में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. हैदराबाद से बाद अब तमिलनाडु में एक 20 साल की लड़की का शव मिला है. घटना कांचीपुरम जिले के एक गांव की है.
मामले में पुलिस ने पीड़िता के 30 साल के ब्वॉयफ्रेंड को हिरासत में ले लिया है. घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि लड़की का शव 27 नवंबर को बरामद हुआ है, वह बीते हफ्ते से लापता थी.
पीड़िता के परिवार के अनुसार, उसके शरीर पर जलने, कटने और चोट के निशान पाए गए हैं. पीड़िता 21 नवंबर से लापता थी. लड़की के पिता ने वालाजाबाद पुलिस स्टेशन में 23 नवंबर को लापता होने का मामला दर्ज कराया था. फिर पुलिस को बुधवार को उसका शव उसके घर से दो किमी की दूरी पर स्थित एक पार्क से मिला.
पीड़िता के पिता का कहना है कि इस हत्या के पीछे उसके 30 साल के ब्वॉयफ्रेंड राजेश का हाथ है. राजेश को शुक्रवार की शाम पकड़ा गया है.

