सिर्फ दस सेकेंड में चार हवाई फायरिंग करने का वीडियो वायरल
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में अपनी ही शादी में दूल्हे को ताबड़तोड़ फायरिंग करना महंगा पड़ा. हर्ष फायरिंग की घटना को लेकर वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अब दूल्हे तथा अज्ञात रायफलधारी की गिरफ्तारी हो सकती है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के मोरहाबादी स्थित लवण्या अपार्टमेंट में रहने वाले दूल्हा शोभित सिंह पर शादी में ताबड़तोड़ फायरिंग होने का आरोप लगाया है. वायरल वीडियो के मुताबिक बारात में शामिल अपने लोगों के आग्रह पर दूल्हा अपने वाहन से बाहर निकलता है और रायफल लेकर दनादन चार बार में हवाई फायरिंग करने के बाद अपने वाहन के अंदर जाकर बैठ जाता है. सिर्फ 10 सेकेंड में ही दूल्हा दनादन चार फायरिंग कर वापस गाड़ी में बैठ जाता है.
इस मामले में राची के बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी. मामले में दूल्हा दूल्हा शोभित सिंह व अज्ञात रायफलधारी को आरोपी बनाया गया है.
जानकारी के अनुसार, बीते 13 दिसंबर की रात चिरौंदी स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में शोभित की शादी थी. उसने रायफलधारी से रायफल ली और ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की. पुलिस के अनुसार इस फायरिंग से किसी को भी गोली लग सकती थी.
शोभित सिंह फ्रॉड के मामले में जेल भी जा चुका है. बरियातू थाने की पुलिस ने शोभित को गिरफ्तारी वारंट पर गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इसके अलावा पंडरा के एक व्यवसायी की आत्महत्या के मामले में शोभित पर आरोप लगे थे.पंडरा ओपी में केस दर्ज करवाया गया था.
पुलिस आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में लगी सीसीटीवी फुटेज भी खंगालेगी, जिसे साक्ष्य के तौर पर एकत्र करने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा.पुलिस यह पता लगा रही है कि जिस रायफल से फायरिंग की गई है वह लाइसेंसी है या अवैध है.लाइसेंसी रहने पर राइफल का लाइसेंस भी रद करने की अनुशंसा की जाएगी. सिटी एस पी ने कहा है कि इस मामले की जांच की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा.

