भाजपा विधायकों ने कहा-तबरेज की मौत मामले में हंगामा करने वाले लोग आज चुप है, सत्तापक्ष ने कहा-दोषियों पर जरूर कार्रवाई होगी
रांची: राज्य सरकार ने रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की भीड़ द्वारा पिटाई से मौत मामले की जांच करा कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया. विधानसभा के बजट सत्र के 8वें दिन आज कार्यवाही शुरू होने के साथ ही भाजपा विधायक विरंची नारायण समेत कई विपक्षी सदस्य वेल में आ गये और मॉब लिंचिंग की घटना में शामिल दोषियों के विरूद्ध के कार्रवाई की मांग की.
संसदीय कार्यमंत्री आलमगीर आलम ने सदन में यह जानकारी दी कि रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है. उन्होंने कहा कि थाने में लाने के बाद तत्काल उस घायल युवक को अस्पताल ले जाया जाना चाहिए था, इस मामले की जांच के बाद दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के पहले भाजपा विधायक विरंची नारायण ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चोरी के आरोप में जब तबरेज नामक की भीड़ द्वारा पिटाई से मौत हो जाती है, तो कई राजनीतिक दल और संगठन के लोग सड़क पर उतर जाते है, वहीं राजधानी रांची में जब दूसरे समुदाय के युवक की मौत इसी तरह की मॉब लिचिंग की घटना हो जाती है, तो हंगामा करने वाले चुप्पी साध लेते है. भाजपा विधायक रणधीर सिंह ने इस घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की.
दूसरी तरफ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि गठबंधन सरकार किसी भी दोषियों को बचाने का काम नहीं करती. घटना सामने आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई होती है और इस मामले में भी जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी. कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि इस तरह की घटना के दोषियों को सजा हर हाल में मिलनी चाहिए, यदि इस तरह की घटना में उनके पार्टी के लोग भी शामिल होंगे, तब भी वे उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे. निर्दलीय विधायक सरयू राय ने भी इसे निंदनीय घटना बताते हुए कहा कि घटना को लेकर सरकार की नीतियों या मंशा पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए, बल्कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृति पर रोक लगाने के लिए कठोर कदम उठाये जाने चाहिए.

