सुरुर रज़ा,
रांची: राज्य में कोविड-19 का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. राजधानी रांची की बात करें, तो निरंतर यहां पॉजिटिव केस बढ़ रहे हैं. इसके बावजूद भी शहरवासी इसे लेकर लापरवाही बरत रहे हैं. सबसे बुरी स्थिति राजधानी के सब्जी बाजार की है.
सब्जी विक्रेताओं में कहीं भी कोरोना का डर नहीं है. ज्यादातर सब्जी विक्रेता मास्क ही नहीं पहने दिखे. ना ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर आए. कुछ लोगों ने मास्क जरूर पहना था, परंतु सिर्फ औपचारिकता के लिए.

जब उनसे पूछा गया कि मास्क क्यों नहीं पहन रहे हैं तब उनका कहना था कि बस अभी ही उतारा है, क्योंकि सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. हालांकि जैसे ही पुलिस प्रशासन के लोग वहां पर आए, उन लोगों की सांस लेने की तकलीफ दूर हो गई. उन्होंने तुरंत मास्क पहन लिया.

कुछ सब्जी विक्रेताओं के बच्चे भी बाजार में थे. उन लोगों ने भी मास्क नहीं पहना था. यह आगे चलकर काफी घातक हो सकता है. गौर करने वाली बात क्या है कि सब्जी विक्रेता ग्लब्स का भी इस्तेमाल करते नजर नहीं आ रहे हैं.


