रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि एक ओर कांग्रेस पार्टी भाजपा पर तंज कसती है की भाजपा ने मिस कॉल से सदस्य बनाया था. दूसरी ओर झारखंड की पूरी सरकार ट्विटर से ही चल रही है. प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस के ब्लैक मेलिंग के कारण मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल का लगभग आधा समय दिल्ली दरबार की हाजिरी में ही बिताया है.
प्रतुल ने कहा कि मंत्रियों का चयन और विभागों का बंटवारा मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है. लेकिन जिस तरीके से कांग्रेस ने विभागों के लिए दबाव बनाकर मुख्यमंत्री को दिल्ली दरबार में हाजिर कराया है यह बहुत ही निंदनीय है. प्रतुल ने कहा कि भाजपा ने तो मिस कॉल करने वाले लोगों के घर जाकर उन्हें सदस्य बनाया था लेकिन कांग्रेस की झारखंड की गठबंधन सरकार तो पूरे तरीके से वर्चुअल दुनिया से ही चल रही है. मुख्यमंत्री दिल्ली दरबार में पेंच सुलझाने के कारण ट्विटर पर ही आदेश दे पा रहे है. कांग्रेस के दबाव के कारण स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी आज तक मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो पाया है.
प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस के दो मंत्रियों ने खरमास में शपथ ले लिया उस समय कांग्रेस को खरमास याद नहीं आया. लेकिन बाकी मंत्रिमंडल के गठन में विलंब के कारणों को बताने में कांग्रेस को खरमास याद आ गया. प्रतुल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा से लगभग आधी संख्या में कम सीटें जीतने वाले कांग्रेस के द्वारा पांच मंत्री पदों और मलाईदार विभागों की मांग तो विशुद्ध रूप से ब्लैक मेलिंग ही है.

