रांची: दो वर्षों से एक दंपत्ति में विवाद चल रहा था. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों मुकादमा करने न्यायालय तक पहुंच गए. दंपत्ति को मध्यस्थता केंद्र में रिटेनर अधिवक्ता अर्चना साबू, प्रथम पक्ष के अधिवक्ता अविनाश पांडे और द्वितीय पक्ष के अधिवक्ता अरविंद कुमार मिश्रा ने समझाया तो दोनों पक्ष मान गए और सुलह हो गया. यह मामला प्री लिटिगेशन वाद(संख्या 26/2020) का है.
उक्त वाद में मो. वशीम और सबा वशीम दोनों पति-पतनी हैं. मध्यस्थता केंद्र में 20 जनवरी, 2020 को उपस्थित हुए. दो वर्ष पूर्व से चल रहे अपने वाद का निबटारा के लिए सामूहिक आवेदन दिए. रांची जिला विधिक सेवा प्राधिकार के आदेश पर उक्त वाद को रिटेनर अर्चना साबू को मध्यस्थता के लिए सौंपा गया. सहयोग के लिए अधिवक्ता अविनाश पांडे को नियुक्त किया गया.
आपसी बातचीत के तहत वाद को सुलझा लिया गया. दोनों पक्ष राजी-खुशी अपने पारिवारिक जीवन को आगे बढ़ाने के लिए राजी हो गये. दोनों की एक 8 वर्षीय पुत्री भी है.

