धनबाद:- उपायुक्त उमा शंकर सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों को राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी ममता टुडू को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. ममता टुडू वर्तमान में अपने परिवार का गुजारा करने हेतु एक छोटी सी दुकान लगाकर कार्य कर रही थी.
ट्विटर के माध्यम से ममता के संबंध में सूचना प्राप्त होने पर उपायुक्त ने आज उन्हें अपने कार्यालय कक्ष में बुलाया तथा उसकी समस्याओं तथा आवश्यकता को जाना.
ममता टुडू ने बताया कि वह रांची सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रहकर तीरंदाजी की ट्रेनिंग करती थी परंतु कोरोना काल में उक्त प्रशिक्षण संस्थान बंद है. धनबाद जिले में भी डिगवाडीह में एक प्रशिक्षण संस्थान था जो वर्तमान में बंद है. सरकारी सहायता प्राप्त नहीं होने एवं परिवार को आर्थिक परेशानी से उबारने हेतु ममता टुडू ने एक छोटी सी दुकान बना ली और वहां झालमुड़ी बेचने का कार्य करती है.
उपायुक्त ने ममता से कहा कि खेल के साथ साथ अन्य हुनर भी आवश्यक है. जैसे कि तकनीकी शिक्षा, कंप्यूटर इत्यादि. इस हेतु उन्होंने कंप्यूटर प्रशिक्षण, आधुनिक खेती अन्य कौशल विकास के संकायों में हरसंभव सहायता करने की बात कही. साथ ही उन्होंने बताया कि कंप्यूटर प्रशिक्षण के उपरांत उसके नियोजन हेतु भी अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.
तीरंदाजी प्रशिक्षण के संबंध में उन्होंने ममता से कहा कि जैसे ही प्रशिक्षण संस्थान खुलेगा वैसे ही उसे सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी. जहां तक तीरंदाजी से संबंधित उपकरणों की बात है इस हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को अविलंब अग्रेतर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया.

