नई दिल्ली: भारतीय किसान संगठन के बैनर तले अपनी मांगों के लिए दिल्ली की ओर कूच करने वाले किसानों ने अपना धरना खत्म कर दिया है. उनका कहना है कि सरकार ने उनकी 15 मांगों में से 5 मांगें मान ली हैं. अफसरों से मिले आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना खत्म कर दिया है, लेकिन कहा है कि अगर उनकी सभी मांगें नहीं मानी गईं तो वह दो महीने बाद दोगुने बल से फिर वापस आएंगे.
गौरतलब है कि किसान शुक्रवार को दिनभर पुलिस के पहरे में रहे. सेक्टर-69 ट्रांसपोर्ट नगर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रही. शनिवार सुबह होते ही किसानों ने अपना प्रदर्शन शुरू कर दिया है. हजारों की संख्या में किसान दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचे. किसान यहां से दिल्ली के किसान घाट पर महाडेरा डालने के लिए रवाना होंगे, हालांकि इन्हें बॉर्डर पर ही रोकने के लिए सीमाएं सील कर दी गई हैं. हजारों संख्या में पुलिस बल दिल्ली बॉर्डर पर तैनात हैं.
भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह ने बताया है कि हमारे 11 प्रतिनिधियों को कृषि मंत्रालय ले जाया गया है. वहां वो लोग अपनी मांग रखेंगे, अगर हमारी मांगें पूरी हो जाती हैं तो हम यहीं से वापस लौट जाएंगे, वरना हम दिल्ली के लिए कूच करेंगे.
किसानों के आंदोलन के कारण दिल्ली-यूपी से सटे गाजीपुर फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया है. इसके चलते वीकेंड पर भी लोगों को जाम की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

