रांची: आज शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मंजूर भवन रामगढ़ में केंद्र सरकार के द्वारा 13वां दिन लगातार डीजल-पेट्रोल के मूल्यों में हो रही वृद्धि के विरोध में धरना प्रदर्शन के माध्यम से प्रधानमंत्री को मांग पत्र भेजा गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य कार्यकारिणी के सदस्य मंगल सिंह ओहदार ने किया. मौके पर उपस्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य के सहायक सचिव महेंद्र पाठक उपस्थित थे.
नेताओं ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार आज 13वें दिन डीजल और पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी कर आम जनता पर बोझ ढ़ा रही है.
उन्होंने कहा कि एक तरफ कोविड-19 कोरोना महामारी से आम जनता परेशान है. आर्थिक तंगी से लोग मर रहे हैं. सरकार की घोषणा सिर्फ कागजों पर दिखाई दे रही है, तो दूसरी तरफ अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट के बावजूद देश में लगातार पेट्रोलियम के दाम बढ़ा कर सरकार कहर बरपा रही है.
आज देश की आर्थिक हालात चरमरा जाने के कारण लोगों को जीना दूभर हो चुका है. पेट्रोलियम के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से हर उपयोग की वस्तुओं के दाम आप रूपी बढ़ गया.
उपभोग के हर वस्तु के दामों में वृद्धि होने के कारण आम जनता में काफी आक्रोश दिख रहा है. सरकार जानबूझकर आम जनता पर कहर बरपा रही हैं. 69% टैक्स वसूल कर बड़े-बड़े उद्योगपति और पूंजीपतियों के मदद कर रही है.
देश की आम जनता परेशान है. इसीलिए राष्ट्रीय सचिव मंडल के फैसले के आलोक में पूरे देश में डीजल-पेट्रोल की दामों में बढ़ोतरी के विरोध में धरना प्रदर्शन जुलूस आक्रोश पूर्ण किया गया.
कार्यक्रम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य सह राज्य के सहायक सचिव महेंद्र पाठक, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के प्रदेश सचिव विष्णु कुमार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता मंगल सिंह ओहदार, प्रखंड सचिव संजय गोईनका. एआईवाईएफ के प्रेम कुमार सहित कई लोग मौजूद थे.

