बिहार: नवादा में सड़क हादसा हो गया जिसमें दूल्हे और उसके एक दोस्त की मौत हो गयी. बाइक और ट्रैक्टर की सीधी टक्कर में यह हादसा हुआ.
जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम प्रिंस कुमार बताया जा रहा है, जो फरेदा गांव का रहने वाला है. मृतक प्रिंस के बारे में बताया जा रहा है कि आज उसकी शादी होने वाली थी.
शनिवार को प्रिंस और उसका दोस्त दोनों शादी की खरीदारी के लिए घर से निकले थे. तभी रास्ते में रुपौ बाजार के आगे बालू लोड कर कौआकोल जा रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गयी और एक्सीडेंट हो गया.
इस घटना में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं इस हादसे में घायल तीसरे शख्स को पटना रेफर किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही रूपौ के प्रभारी थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को नवादा भेजा. जबकि ट्रैक्टर को जब्त कर थाने लाया गया है.

