जगदम्बा प्रसाद शुक्ल,
प्रयागराज: मण्डलायुक्त आर0 रमेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को गांधी सभागार में जन योजना अभियान के सम्बंध में बैठक आयोजित की गयी. बैठक में मण्डलायुक्त ने जन योजना के अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों के समग्र विकास हेतु ‘‘हमारी योजना हमारा विकास’’ के आधार पर सभी सम्बंधित विभागो को ग्राम पंचायत की आवश्यकता के अनुरूप कार्ययोजना बनाये जाने का निर्देश दिया है, जिससे कि ग्राम पंचायतों का सर्वमुखी विकास हो सके. उन्होंने मत्स्य पालन, वर्मी कम्पोस्ट, पशुधन विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्राम विकास सहित अन्य विभागों को ग्राम पंचायत की आवश्यकता के अनुरूप कार्ययेाजना बनाये जाने का निर्देश दिया है.
बैठक में जन योजना अभियान के सम्बंध में विस्तार से जानकारी देते हुए उप निदेशक, पंचायतीराज ने बताया कि पंचायतीराज मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2020-21 की वार्षिकी कार्ययोजना/ग्राम पंचायत विकास योजना को तैयार करने हेतु 2 अक्टूबर, 2020 से 31 जनवरी, 2021 के मध्य जन योजना अभियान का संचालन किया जा रहा है, जिससे कि समेकित विकास हेतु ग्राम पंचायतों द्वारा अपने विकास की कार्ययोजना को तैयार किया जा सके. उन्होंने बताया कि इसके अन्तर्गत पंचायतराज विभाग के साथ-साथ अन्य विभाग जिनकी ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाएं संचालित है, उनकी कार्ययोजना भी जीपीडीपी में सम्मिलित होगी. उन्होने बताया कि इस वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में संरचनात्मक अथवा निर्माण के कार्यों के साथ-साथ कम लागत और बिना लागत वाले कार्यों को भी सम्मिलित किया जायेगा. बताया कि वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने हेतु प्रत्येक ग्राम पंचायत द्वारा ग्राम सभा की दो बैठको का किया जाना अनिवार्य है.
ग्राम सभा की प्रथम बैठक में ग्राम विकास विभाग द्वारा उपलब्ध करायी गई सर्वेक्षण रिपोर्ट, प्रस्तुतीकरण, वित्तीय एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों का विवरण एवं आवश्यक आवश्यकताओं का निर्धारण एवं चिन्हीकरण का कार्य किया जायेगा.
मण्डलायुक्त ने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को ग्राम पंचायत से समन्वय स्थापित कर ग्राम पंचायतों के समग्र विकास हेतु कार्ययोजना बनाये जाने के लिए कहा है. इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी- आशीष कुमार, मण्डलीय उप निदेशक पंचायतीराज- जयदेव त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि- विनोद कुमार सहित अन्य सम्बंधित विभागों के मण्डलीय अधिकारीगण तथा मण्डल के सभी जिलों के जिला पंचायतराज अधिकारीगण उपस्थित रहे.

