बैठक के लिए नगर आयुक्त का होता रहा इंतजार, नहीं आए, मेयर ने कहा, फोन स्वीच ऑफ बता रहा
रांचीः रांची नगर निगम में गुरुवार को विचित्र स्थिति उत्पन्न हो गई. मेयर आशा लकड़ा के इंतजार के बाद के भी नगर आयुक्त नहीं पहुंचे. हुआ यूं कि श्री पब्लिकेशन के साथ किए गए इकरारनामे के अलावा टेंडर, एग्रीमेंट, पीएफ, ईएसआई सहित कई मुद्दों पर मेयर ने गुरुवार को बैठक बुलाई थी. मेयर इंतजार करती रह गईं, लेकिन नगर आयुक्त बैठक में नहीं पहुंचे.
मेयर ने कहा कि बैठक में आने के लिए कई बार नगर आयुक्त को फोन किया गया, लेकिन उनका फोन स्वीच ऑफ ही बताता रहा . इसलिए गुरुवार की बैठक स्थगित कर दी गई. अब यह बैठक शुक्रवार को दिन के 11 बजे से होगी. बैठक में मीडिया के शामिल नहीं होने के सवाल पर कहा कि नगर आयुक्त ने ही पत्र लिख कर आग्रह किया था कि बैठक में मीडिया की उपस्थिति नहीं होनी चाहिए.
मेयर ने कहा कि सरकार व किसी भी संस्था को संचालित करने के लिए नियम-कानून होता है. नगर आयुक्त नियम कानून से कितने दिन भागेंगे. काम तो करना ही होगा. विवाद भी समाप्त करना होगा. नगर आयुक्त को सहयोग करना चाहिए.

