मधुपुरः निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. 24 घंटे के अंदर सरकारी दफ्तर, दीवार, भवन समेत अन्य जगहों से पोस्टर बैनर झंडा हटा लें. बुधवार को आदर्श चुनाव आचार संहिता अनुपालन कराने को लेकर एसडीओ ने बैठक की. बैठक के बाद कहा कि चुनाव की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है. प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में तैयारी की समीक्षा की गई. जो कुछ कमियां हैं उसे समय से पूरा किया जाएगा. उप चुनाव को शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध है. अनुमंडल कार्यालय में हेल्प डेस्क का गठन किया गया है. जिस व्यक्ति को चुनाव संबंधी जानकारी लेनी है. वह हेल्प डेस्क से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं .
चुनाव प्रक्रिया के दौरान होली और सब-ए बरात त्यौहार है. इन दोनों पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, बीडीओ को शांति समिति की बैठक कराने का निर्देश दिया गया है. प्रखंड में पंचायत स्तर पर, शहर में वार्ड स्तर पर शांति समिति का गठन करना है. बैठक में उपस्थित विधानसभा क्षेत्र के सभी बीडीओ और थाना प्रभारी के साथ उपचुनाव में आदर्श आचार संहिता अनुपालन कराने को लेकर विचार विमर्श किया गया. चुनाव कार्य में बाहर से आने वाले पुलिस बल के लिए आवासन के संबंध में जानकारी ली गई है. भवन में पेयजल शौचालय बिजली के संबंध में भी जानकारी ली गई. जिस भवन में शौचालय और पानी की कमी हो उसे पूरा करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा बिजली विभाग को सभी आवासन स्थल पर बिजली उपलब्ध कराने को कहा गया.

